प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट का सफल समापन

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रतियोगिता क्षेत्र में शतरंज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। टूर्नामेंट में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू, पंजाब तथा दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत उच्च एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहा। इस अवसर पर फिडे मास्टर राम प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओपन वर्ग में 6½ अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कैंडिडेट मास्टर हरि ओम शर्मा ने सीनियर वर्ग में 5 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सौरव सिंह (Shape-Up Fitness Gym के संचालक) रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त देहरादून एवं अन्य क्षेत्रों से आए कई वरिष्ठ एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपस्थिति ने प्रतियोगिता को और भी गरिमामय बना दिया। ओपन वर्ग में सक्षम दर्शन एवं सुमित ग्रोवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विभिन्न आयु वर्गों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया-
अंडर-12 बालक वर्ग में सूर्यांश कुक्सल विजेता रहे।
अंडर-15 बालक वर्ग में अभिराज चिलाना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-18 बालक वर्ग में उदय धीमान विजेता बने।
बेस्ट महिला वर्ग में प्रकृति मनोद्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।
बेस्ट अनरेटेड वर्ग में स्पर्श कुमार विजेता रहे।
प्रतियोगिता के उत्कृष्ट एवं सुव्यवस्थित आयोजन, बेहतर खेल परिस्थितियों तथा निष्पक्ष संचालन की प्रतिभागियों एवं अभिभावकों द्वारा सराहना की गई।
उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के चेयरपर्सन डॉ. मुकुल बेंजवाल एवं सचिव राहुल बत्रा ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे उच्चस्तरीय शतरंज आयोजनों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ और क्षेत्र में शतरंज के प्रति उत्साह को और अधिक बढ़ाने में सफल रहा।



