उत्तराखंड

थाना श्यामपुर पुलिस का उपद्रव पर शिकंजा, चण्डीघाट बवाल में 5 आरोपी दबोचे

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। थाना श्यामपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद उपजे आक्रोश के बीच पुलिस कर्मियों से अभद्रता, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 5 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और चौकी परिसर में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के चलते यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के संबंध में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें 10 नामजद और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना श्यामपुर पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। वहीं इस बाबत पर श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी घटना या दुर्घटना के बाद संयम बनाए रखें और अपनी बात कानूनी माध्यम से ही रखें।

Related Articles

Back to top button