उत्तराखंड

हरिद्वार में पड़ोसियों के बीच खूनी विवाद, परिवार पर जानलेवा हमले का आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार, ज्वालापुर। जनपद के ज्वालापुर थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्म सिंह एन्क्लेव, सीतापुर में पड़ोसियों के बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पीड़ित हर्षित कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने उनके घर में घुसने का प्रयास करते हुए परिवार पर जानलेवा हमला किया। पीड़ित के अनुसार, आरोपित पक्ष द्वारा आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से “विश्वकर्मा फर्नीचर” के नाम से वर्कशॉप संचालित की जा रही है, जिसमें लकड़ी कटान और मशीनों का कार्य होता है। इसको लेकर पूर्व में सीएम हेल्पलाइन और अन्य विभागों में शिकायत भी की गई थी। शिकायत के बाद से ही आरोपित पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमका रहा था। घटना 15 अप्रैल 2026 की शाम की बताई जा रही है, जब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने मौके पर ही गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस दौरान पीड़ित, उसकी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की गई, महिला के कान के कुंडल भी छीन लिए गए और वाहन में तोड़फोड़ की गई। हमले से बचने के लिए परिवार घर की ओर भागा, जहां आरोपितों ने घर में घुसने का भी प्रयास किया। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर आरोपितों से मिलीभगत का भी आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। साथ ही परिवार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार:

इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button