विधि विधान से पूजा पाठ के बाद खुले श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट, सीएम धामी सहित दस हजार श्रद्धालु बने साक्षी

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
चमोली। बदरीनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह सवा छह बजे बैसाख मास शुक्ल पक्ष पुनर्वसु नक्षत्र व सर्वार्थ सिद्ध योग में विधि विधान से पूजा पाठ के बाद श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। श्री बद्रीनाथ धाम में सीएम पुष्कर सिंह धामी भी कपाट खुलने के पावन पल के साक्षी बने। इससे पहले बुधवार को ही उद्दव, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी बदरीनाथ धाम पहुंच गई थी, जबकि कुबेर की डोली रात्रि प्रवास के लिए बामणी गांव पहुंची 25 कुंतल फूलों व फलों से मंदिर को सजाया गया, मंदिर परिसर से लेकर आसपास के प्राचीन मठ-मंदिरों तक को 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र जगमगा उठा है।

दस हजार श्रद्धालु पहुंचे
बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में रौनक लौट आई है। बदरीनाथ में अब तक करीब साढ़े पांच सौ वाहन पहुंच चुके हैं। अखंड ज्योति के दर्शन के लिए दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के धाम में होने का अनुमान है। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाकर भाव विभोर होते हैं। दूर-दूर राज्यों से आए श्रद्धालु भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं, बद्रीनाथ में धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ धाम में पहुंचकर आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव होता है।




