कांवड़ मेले से पहले सड़क सुरक्षा पर सख्त प्रशासन, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम मयूर दीक्षित

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की-हरिद्वार-नजीबाबाद एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कांवड़ मेले से पूर्व सड़कों के गड्ढे भरने और पेचवर्क का कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में शीघ्र साइन बोर्ड लगाने तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें कम करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

साथ ही परिवहन एवं पुलिस विभाग को यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एनएचआई और लोनिवि अधिकारियों को सड़कों पर अतिक्रमण रोकने तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग और पुलिस विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहे हैं। जनवरी से अप्रैल 2026 तक परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, मोबाइल फोन के प्रयोग और सीट बेल्ट का उपयोग न करने समेत विभिन्न मामलों में हजारों चालान किए गए हैं। वहीं पुलिस विभाग ने भी बिना हेलमेट, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीड और रेड लाइट जंप करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता विपुल सैनी, एआरटीओ नेहा झा, निखिल शर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



