पति से विवाद के बाद दिल्ली की महिला ने हरिद्वार में की आत्महत्या की कोशिश, फ्लाईओवर से लगाई छलांग

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पारिवारिक कलह से परेशान होकर दिल्ली की एक महिला ने हरिद्वार में आत्महत्या का प्रयास कर सनसनी फैला दी। कनखल थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर फ्लाईओवर से देर रात करीब 30 फीट नीचे छलांग लगाने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल महिला दिल्ली की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह करीब दो दिन पहले घर छोड़कर निकल गई थी। बताया जा रहा है कि महिला अलग-अलग वाहनों से सफर करते हुए और कई स्थानों पर पैदल चलते हुए हरिद्वार पहुंची थी। शनिवार देर रात महिला प्रेमनगर फ्लाईओवर पर पहुंची और अचानक नीचे सर्विस लेन की ओर छलांग लगा दी।

महिला के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत उसकी मदद करने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। अस्पताल में जांच के दौरान महिला के हाथ और कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि महिला के परिजनों और उसके पति को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि महिला का उपचार हायर सेंटर में चल रहा है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। महिला के स्वस्थ होने के बाद उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



