वार्ड 12 और 13 की समस्याओं पर सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ सख्त, ईओ को सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। भाजपा सरकार की जनहित प्राथमिकताओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यह बात सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने शिवालिकनगर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने वार्ड संख्या 12 और 13 में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ने अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंत्योदय तथा जनहित की भावना के साथ कार्य कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम जनता को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

अतुल वशिष्ठ ने कहा कि वार्ड 12 और 13 में सड़कों एवं नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। मानसून से पहले नालों और नालियों की समुचित सफाई न होने से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन रही है। इसके अलावा क्षेत्र में अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें या तो लगी नहीं हैं या फिर खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा क्षेत्रवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, अधिशासी अधिकारी तारिक खान ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड 12 और 13 की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल विशेष टीम भेजी जाएगी तथा सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।



