स्वामी अरूण गिरी करेंगे 108 कुण्डीय महायज्ञ और 108 कन्याओं के विवाह का आयोजन

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि विश्व में व्याप्त अशांति का वातावरण दूर हो, इसके लिए शीघ्र ही 108 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के दौरान 108 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। आह्वान पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि प्राचीन ऋषि मुनियों द्वारा प्रतिपादित यज्ञ के माध्यम से किसी भी संकट को दूर किया जा सकता है। यह में दी जानी आहुतियों से उत्पन्न होने वाली सकारात्मक ऊर्जा से मानवीय स्वभाव पर सकारात्मक प्रभाव होता है।

वर्तमान में पूरे विश्व में अशांति का वातावरण बना हुआ है। जिससे पूरी मानव जाति संकट में है। अशांति के वातावरण को दूर करने के लिए बिहार के कैबिनेट मंत्री संजय सिंह एवं समाजसेवी राजा सुधीर सिंह के संयोजन में 108 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब असहाय परिवारों की सेवा करना उनके जीवन का उद्देश्य है। इसलिए यज्ञ के दौरान 108 गरीब असहाय परिवारों की कन्याओं का विवाह भी कराया जाएगा। गरीब और जरूरतमंदों की मदद करने से ईश्वर भी प्रसन्न होते हैं। जिससे अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी क्षमता के अनुसार गरीब और जरूरतंद लोगों की मदद करनी चाहिए।



