मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया नमन

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद खंडूरी श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर दिवंगत नेता भुवन चंद्र खंडूरी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने खंडूरी के सार्वजनिक जीवन, सादगी और उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भाजपा का वरिष्ठ और प्रेरणादायी नेता बताया। श्रद्धांजलि सभा में पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा के प्रदेश प्रभारी, कई वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। नेताओं ने खंडूरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धेय खंडूरी जी ने संगठन की विचारधारा और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को सदैव अपने जीवन में आत्मसात किया। उनका अनुशासित नेतृत्व, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण संगठन के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि भुवन चंद खंडूरी ने अपने राजनीतिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और विकास की राजनीति को नई पहचान दी। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा श्रद्धेय खंडूरी जी उत्तराखंड की राजनीतिक और सामाजिक चेतना के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने कर्म, कर्तव्यनिष्ठा और सिद्धांतों के बल पर जनमानस में विशिष्ट स्थान बनाया। सेना से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनकी कार्यशैली सदैव राष्ट्रहित, जनसेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रही। उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। श्रद्धांजलि सभा में सभी पार्टियों के वरिष्ठ नेता, संत महापुरुष,उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी, पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी जी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत जी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।



