उत्तराखंड दौरे पर राहुल गांधी: अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद और देहरादून में 2027 चुनावी रणनीति पर मंथन

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 4 जून से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी का यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दौरे के पहले दिन 4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा के एनटीडी ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद वे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां रांसी स्टेडियम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व अर्द्धसैनिक बलों के परिजनों के साथ सीधा संवाद करेंगे। अग्निवीर योजना, OROP और पहाड़ में पलायन जैसे मुद्दे संवाद के केंद्र में रहेंगे। 5 जून को राहुल गांधी देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं, सांसद-विधायक, जिला अध्यक्षों एवं पार्टी के सभी प्रकोष्ठों – युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, NSUI, किसान कांग्रेस, SC विभाग – के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक करेंगे। बैठक में बूथ मैनेजमेंट, जन-सरोकार के मुद्दे व 2027 का रोडमैप तय किया जाएगा।

राहुल गांधी के दौरे पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व ब्लाक प्रमुख, प्रदेश अध्यक्ष विश्व दलित परिषद एवं भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय सलाहकार माननीय प्रियव्रत जी ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी का उत्तराखंड आगमन देवभूमि के लिए सौभाग्य का विषय है। महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मुद्दों पर जनता में भारी आक्रोश है। अल्मोड़ा की धरती से राहुल जी देश को संदेश देंगे कि उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार है।” प्रियव्रत ने कहा, “पौड़ी वीरभूमि है। हर घर से फौजी है। अग्निवीर योजना ने युवाओं के सपने तोड़े हैं। राहुल जी खुद पूर्व सैनिकों का दर्द सुनेंगे। यह संवाद ऐतिहासिक होगा।” उन्होंने कहा कि देहरादून की बैठक में विश्व दलित परिषद दलित उत्पीड़न, बैकलॉग भर्ती व भूमि अधिकार का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी, वहीं किसान यूनियन MSP गारंटी व जंगली जानवरों से फसल नुकसान का मसला रखेगी। राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल नेता प्रतिपक्ष माननीय शपाल आर्य सहित सभी वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा-पौड़ी में डेरा डाले हैं। पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। SPG व स्थानीय पुलिस ने रूट प्लान फाइनल कर लिया है।



