विकास योजनाओं को गति देने वाले मनीष सिंह का तबादला, नए सचिव पर मंथन जारी

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मनीष सिंह को उनके वर्तमान पद से पदमुक्त कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब वह अपनी मूल तैनाती के तहत सचिव झील विकास प्राधिकरण नैनीताल तथा महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम के पद का अतिरिक्त दायित्व संभालेंगे। उनके स्थानांतरण के बाद एचआरडीए में सचिव का पद फिलहाल रिक्त हो गया है, जिससे नए सचिव की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मनीष सिंह ने एचआरडीए सचिव के रूप में लंबे समय तक कार्य करते हुए प्राधिकरण की विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में अवैध निर्माणों और मानचित्र स्वीकृति के बिना किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ कई प्रभावी अभियान चलाए गए।

इसके साथ ही शहरी विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नियोजित विकास की दिशा में भी अनेक कदम उठाए गए। मनीष सिंह इससे पूर्व डिप्टी कलेक्टर और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।उनके पदमुक्त होने के बाद हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में नए सचिव की नियुक्ति को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सूत्रों के अनुसार कई वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों के नाम इस पद के लिए चर्चा में हैं। हालांकि शासन की ओर से अभी तक किसी अधिकारी की नियुक्ति संबंधी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। अब सभी की निगाहें शासन के अगले फैसले पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही शासन इस महत्वपूर्ण पद पर किसी सक्षम अधिकारी की तैनाती कर सकता है, जिससे प्राधिकरण के विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और लंबित योजनाओं को गति मिल सके।



