कांवड़ियों पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ कहासुनी के बाद फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी। फायरिंग में एक कांवड़िया घायल हो गया था। मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

सादे वस्त्रों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पिल्ला गैंग से जुड़े विभिन्न मामलों में अब तक कुल 22 बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन पुत्र पवन कुमार निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अभियुक्तों, गुंडा तत्वों, इनामी अपराधियों और हुड़दंगियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। हर गिरफ्तारी के साथ अपराध के नेटवर्क पर निर्णायक चोट की जा रही है।



