हरिद्वार में 84,500 रुपये के नकली नोटों के साथ पंजाब के चार आरोपी गिरफ्तार, केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में जुटीं

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटों के एक और गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 500 के 169 नकली नोट, कुल 84,500 की डमी करेंसी बरामद हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस देर रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेला अस्पताल की ओर से आते चार युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे वापस मुड़कर तेजी से भागने लगे, लेकिन बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान चारों के पास से 500 के 169 जाली नोट बरामद हुए।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) के ही एक व्यक्ति से 20,000 देकर 500 के 200 नकली नोट (कुल 1 लाख) खरीदे थे। इन नकली नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने के लिए वे हरिद्वार आए थे। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने एक दिन पहले हरिद्वार के बाजारों में कुछ नकली नोटों से खरीदारी भी की थी। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित कर चुकी है। साथ ही जिन दुकानों पर नकली नोट चलाए गए, उनकी भी पहचान की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते सरजीत सिंह (58), टिंकू (29), सुमित कुमार (20), संजीव कुमार (47), निवासीगण गुरदासपुर, पंजाब बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।



