उत्तराखंड

हनुमान की वेशभूषा में नृत्य कराए जाने पर कांग्रेस का विरोध, भाजपा से जनता से माफी मांगने की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ में आयोजित रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति से नृत्य कराए जाने को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। सोमवार को ऋषिकुल कार्यालय में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए भाजपा से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि ईष्ट देवताओं की वेशभूषा धारण कराकर उनका राजनीतिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल करना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और आस्था का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए करती है, जबकि धार्मिक भावनाओं के सम्मान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले जैसे मामलों पर भाजपा नेतृत्व मौन है और जनता इसका जवाब देगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि धर्म की मर्यादा के विपरीत कार्य करना और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए आस्था का सहारा लेना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। युवा नेताओं विकास चंद्रा और समर्थ अग्रवाल ने कहा कि रैली में हनुमान जी की वेशभूषा धारण किए व्यक्ति के हाथ में भाजपा का झंडा होना और उससे नृत्य कराया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। बैठक में समर्थ अग्रवाल, मनोज जाटव, मुकुल देव, राजवीर, रूपेश कुमार, अमित, गिरवर, वीरेंद्र, विकास चंद्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button