कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक, सुरक्षित व सुव्यवस्थित यात्रा पर जोर
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी राज्यों से बेहतर समन्वय, संयुक्त चेकपोस्ट, रियल-टाइम सूचना साझाकरण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से 11 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शुक्रवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल, आपदा प्रबंधन और राज्यों के बीच समन्वय पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी राज्यों को समय रहते तैयारियां पूरी करने, रियल-टाइम सूचना साझा करने, आधुनिक सर्विलांस व्यवस्था विकसित करने तथा सीमाओं पर संयुक्त चेकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) का उपयोग कांवड़ यात्रा के लिए नहीं किया जाएगा।

साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी, यात्रा मार्गों पर पर्याप्त साइनेज, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, डीजी (अभिसूचना) अभिनव कुमार और सचिव गृह शैलेश बगौली ने मेले की तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पंचक अवधि रहेगी, जबकि 5 अगस्त से श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त से शुरू होने वाला डाक कांवड़ चरण सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल व्यवस्था पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा आईटीबीपी, एसएसबी, सीआरपीएफ, आरपीएफ, एनडीआरएफ, भारतीय रेलवे तथा अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक से पूर्व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना की।



