कांवड़ मेले में एसपीओ के रूप में पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे धर्मशाला प्रबंधक: महेश गौड़

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन बाबा काली कमली धर्मशाला में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए संपन्न समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने कहा कि अगले महीने होने वाले कांवड़ मेले में धर्मशाला प्रबंधक विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में प्रशासन का सहयोग करेंगे। उन्होंने सभी धर्मशाला संचालकों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक में कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर धर्मशाला प्रबंधकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसकी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धर्मशाला प्रबंधकों ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा प्रशासन एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने के लिए सभी धर्मशालाएं प्रतिबद्ध हैं। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।



