अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने की कांवड़ियों से अपील
हिंदू देवी देवताओं के चित्र लगी दुकानों पर ही खाएं पीएं, क्षमता से अधिक जल ना उठाएं

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कांवड़ियों से हिंदू देवी देवताओं के चित्र और मूर्ति लगी दुकानों पर ही खाने पीने, ऑनलाइन भुगतान करने और क्षमता से अधिक जल नहीं उठाने की अपील की है। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान दूसरे धर्मों के लोग भी दुकानें लगा लेते हैं। जिससे सनातन परंपरा के खंडित होने की संभावना रहती है। ऐसे में कांवड़ ले जाने वाले शिवभक्तों को स्वयं भी सावधानी बरतनी चाहिए।

हिंदू देवी देवताओं की मूर्ति और चित्र लगी दुकानों से ही खरीददारी करें। दस बीस रूपए का सामान लेकर ऑनलाइन भुगतान करें। एकाउंट में हिंदू व्यक्ति का नाम आए तो वहां खाएं पीएं। अन्यथा आगे बढ़ जाएं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कांवड़ लेने आने वाले शिवभक्तों से क्षमता से अधिक जल नहीं उठाने की अपील भी की। अपील करते हुए उन्होंने कहा कि महादेव शिव एक लोटा जल अर्पित करने से ही प्रसन्न हो जाते हैं। इसलिए एक दूसरे की देखादेखी अधिक जल उठाने से बचें। शारीरिक क्षमता से अधिक जल उठाने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।



