पुलिस लाइन रोशनाबाद में धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
24 आकर्षक झांकियों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन, लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर मनाया जन्मोत्सव

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। पुलिस लाइन रोशनाबाद में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस दौरान पुलिस परिवारों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस लाइन के विशाल प्रांगण में जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों की ओर से सजाई गई 24 आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

लोगों ने झांकियों का आनंद लेने के साथ मोबाइल फोन से तस्वीरें और सेल्फी भी लीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सपरिवार तथा एसएसपी नवनीत सिंह भी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने झांकियों का अवलोकन किया और बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

रिक्रूट आरक्षियों और पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक संध्या में गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के गीतों ने समां बांध दिया।

कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। देर रात श्रीकृष्ण जन्म के शुभ मुहूर्त पर एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने श्री दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर की आकर्षक सजावट और चारधाम मॉडल पर आधारित विशेष झांकी ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।

लड्डू गोपाल के जन्म के बाद अधिकारियों ने बारी-बारी से कन्हैया को झूला झुलाया और जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद मौजूद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव के दौरान हुई भव्य आतिशबाजी से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल से गूंज उठा।

इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों, उनके परिवारों और आमजन को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



