कलियर उर्स की तैयारियों पर आईजी की कड़ी नजर, कलियर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
कलयुग दर्शन (24×7)
जमशेद अली (संवाददाता)
पिरान कलियर। सालाना उर्स को लेकर पिरान कलियर दरगाह में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए रविवार को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने दरगाह परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए। आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि सालाना उर्स में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए।

साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौकसी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और हर एंट्री प्वाइंट पर सख्त चेकिंग के आदेश भी दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और भीड़ प्रबंधन के लिए आईजी ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उर्स सकुशल और शांतिपूर्वक संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल, सीओ रुड़की नरेंद्र पंत, मेला कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार, थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, एसएसआई बबलू चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



