रिमाउंट डिपो क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर सेना ने दो युवकों को पकड़ा, लैपटॉप में मिले आर्मी परिसर के फोटो-वीडियो

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। रिमाउंट डिपो ट्रेनिंग स्कूल क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में सेना ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। युवकों के पास से एक ड्रोन और लैपटॉप बरामद किया गया है, जिसमें आर्मी परिसर के अंदर के फोटो और वीडियो पाए गए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए सेना की ओर से थाना गागलहेड़ी पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।सेना में सूबेदार पद पर तैनात बालू सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे आर्मी परिसर के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। ड्रोन निर्माणाधीन भवन व आसपास के इलाके के ऊपर चार बार चक्कर लगाता नजर आया, जिससे वहां तैनात जवानों को शक हुआ। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया।इसके बाद आर्मी अधिकारियों ने ड्रोन की दिशा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें रसूलपुर गांव के पास दो युवक ड्रोन उड़ाते हुए पकड़े गए। उनके पास से ड्रोन और लैपटॉप जब्त किया गया। बाद में पता चला कि घटना थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की है, जिसके बाद दोनों युवकों को थाने लाया गया।

सरकारी सर्वे का दावा, लेकिन बिना अनुमति उड़ाया गया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने दावा किया कि वे केंद्र सरकार से जुड़े एक सर्वे कार्य में लगे हुए हैं और नदियों के सर्वे के लिए ड्रोन से फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। युवकों ने अपने पास गवर्नमेंट ऑफ इंडिया का एक पत्र होने की बात भी कही है। हालांकि, सेना और पुलिस द्वारा उस पत्र की वैधता की जांच कराई जा रही है।सूबेदार बालू सिंह का कहना है कि आर्मी क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने से पहले किसी भी सैन्य अधिकारी से अनुमति नहीं ली गई थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही बरामद लैपटॉप में आर्मी क्षेत्र से संबंधित फोटो और वीडियो मिलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है।फिलहाल सेना और पुलिस संयुक्त रूप से ड्रोन उड़ाने की अनुमति, सरकारी पत्र की प्रामाणिकता और रिकॉर्ड किए गए डेटा की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
[banner id="7349"]



