पुलिस लाइन में बढ़ी सुविधाएँ: डीआईजी ने आदेश कक्ष, जिम और बार्बर शॉप का किया लोकार्पण
कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य-परिस्थितियाँ और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने रिज़र्व पुलिस लाइन में आदेश कक्ष, जिम और बार्बर शॉप के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/यातायात सागर जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने बताया कि आदेश कक्ष को अत्याधुनिक तकनीक और उन्नत संसाधनों से सुसज्जित किया गया है, जिससे पुलिस लाइन में समन्वय, संचार एवं कार्यकुशलता में और अधिक सुधार होगा।

वहीं पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत संवार को ध्यान में रखते हुए नए जिम और बार्बर शॉप का भी निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को बेहतर सुविधाएँ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे पुलिसकर्मियों के मनोबल में वृद्धि होगी और उनके काम की गुणवत्ता और दक्षता में भी निरंतर सुधार आएगा। नवीन सुविधाओं के उद्घाटन के बाद पुलिस लाइन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने इन व्यवस्थाओं के लिए विभागीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।




