उत्तराखंड

होली के पावन अवसर पर जनपदवासियों को खास तोहफा, 140 खोए मोबाइल बरामद, 35 लाख रुपए से अधिक की रिकवरी

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। होली के पावन अवसर पर जनपदवासियों को खास तोहफा देते हुए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में थाना सिडकुल पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 140 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन में से कई सिडकुल स्थित औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के हैं, जबकि कुछ स्थानीय निवासियों के भी शामिल हैं। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। पुलिस के इस प्रयास की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।

सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तकनीकी टीम द्वारा मोबाइल ट्रैकिंग कर सटीक कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी रिकवरी संभव हो सकी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन रिकवरी आगे भी निरंतर जारी रहेगा। बरामद मोबाइल फोन में आई फोन 04, ओप्पो 25, नथिंग 11, सैमसंग 25, रियलमी 22, एमआई 10, वीवो 29, वन प्लस 10 तथा आईक्यू 04 शामिल हैं। इस अभियान में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर एवं हेड कांस्टेबल विवेक यादव की विशेष भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को कोई लावारिश मोबाइल फोन मिलता है तो उसे तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं, ताकि वह उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाया जा सके। होली के रंगों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई ने विश्वास और सुरक्षा का संदेश भी मजबूत किया है।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button