होली और पवित्र रमजान माह के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस हाई अलर्ट, एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में शांति गोष्ठियां

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (लक्सर प्रभारी)
हरिद्वार। होली और पवित्र रमजान माह एक साथ पड़ने के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले की लक्सर पथरी मंगलौर झबरेड़ा खानपुर सहित सभी कोतवाली और पुलिस चौकियों में शांति व सौहार्द बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के रंग और रमजान की इबादत दोनों पर्व आपसी सम्मान और सद्भाव का संदेश देते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।

बैठकों के दौरान पुलिस ने लोगों से अपील की है त्योहारों के दौरान परंपराओं का सम्मान करते हुए संयम बरतें जुलूस, नमाज या अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के समय प्रशासन द्वारा तय दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर अपुष्ट भ्रामक संदेश साझा न करें। एसएसपी ने सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने, सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही त्योहार शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सकते हैं। प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयास से इस बार भी होली और रमजान का पर्व आपसी भाईचारे की मिसाल बने, यही सभी की अपेक्षा है।
[banner id="7349"]



