उत्तराखंड

वार्ड 60 में बड़े पर्दे पर दिखाया गया T20 वर्ल्ड कप फाइनल, भारत की जीत का मनाया जश्न

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार के वार्ड नंबर 60 में पार्षद आकर्षिका शर्मा के नेतृत्व में जटवाड़ा पुल के पास भारत के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले का बड़े पर्दे पर सामूहिक प्रसारण किया गया। इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपने परिवार और मित्रों के साथ शामिल हुए और सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक मुकाबले का रोमांचक आनंद लिया। मैच शुरू होने से पहले ही क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बड़े पर्दे पर मैच देखने के साथ-साथ बैठने और अन्य सुविधाओं की भी उचित व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के चलते क्षेत्र की बहनों, माताओं और महिलाओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया और सामूहिक रूप से मैच का आनंद लिया। मैच के दौरान जैसे-जैसे खेल रोमांचक होता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया।

भारत की हर अच्छी गेंद और शानदार शॉट पर दर्शकों ने तालियां बजाकर और जयकारे लगाकर टीम का हौसला बढ़ाया। जैसे ही भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने तालियां बजाकर, जयकारे लगाकर और एक-दूसरे को बधाई देकर भारत की जीत का जश्न मनाया। पार्षद आकर्षिका शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि खेल लोगों को एकजुट करने का काम करता है और ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा और उत्साह को बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में पार्षद आकर्षिका शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे क्षेत्र में आपसी सद्भाव और एकता बनी रहे।इस अवसर पर शर्मीली अरोड़ा, देवांश, अमित नायक,वाशु,अन्नू, विशु, रविन्द्र, मुकुल, कार्तिक, आशीष, तुषार, सौरव, अभिषेक, राहुल, सोनू, सागर, जयप्रकाश, बक्शी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button