उत्तराखंड

48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की तत्परता से लावारिस शव की गुत्थी सुलझी, लूट के लालच में की गई थी हत्या

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए लावारिस मिले शव के हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के प्रभावी नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया है। हत्याकांड़ का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि घटना 14 अप्रैल की है, जब राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों ने एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को लहूलुहान अवस्था में पाया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने खुद वादी बनते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा विशेष पुलिस टीम का गठन कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए। बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने गंगा घाटों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की।

साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस का भी सहारा लिया गया। जांच में यह संकेत मिले कि आरोपी नशे के आदी हैं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते। 17 अप्रैल को गश्त के दौरान पुलिस टीम को हिल बाईपास फ्लाईओवर के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 13 अप्रैल की रात वे हरकी पैड़ी क्षेत्र में शराब और गांजे के नशे में थे। अगले दिन मोतीचूर तिराहे के पास उन्होंने एक बाबा (मृतक) से बीड़ी मांगी। इसी दौरान बाबा के पास पैसे देखकर उनके मन में लालच आ गया। पैसे मांगने पर बाबा के इनकार और गाली देने से नाराज होकर दोनों ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर धक्का दिया और पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वे पैसे लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों, मनोज कुमार उर्फ चिकना (25 वर्ष, इटावा, उत्तर प्रदेश) और रोहित कुमार (19 वर्ष, पटना, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनका चालान कर दिया है। हालांकि, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास लगातार कर रही है।

Related Articles

Back to top button