उत्तराखंड

पुलिस ने किया रवि चौहान हत्याकांड का खुलासा, जमीनी विवाद में हुई थी हत्या

हिस्ट्रीशीटर और सुपारी किलर गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने रवि चौहान हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ज्वालापुर कोतवाली में प्रैसवार्ता के दौरान पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल को सीतापुर निवासी रवि चौहान की पत्नी ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी। 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव रानीपुर झाल से बरामद हुआ। शव की स्थिति देख पुलिस को शक हुआ कि मृतक की हत्या की गई है। मामले की जांच पड़ताल के दौरान मिले एक सीसीटीवी फुटेज में मोटर साइकिल सवार दो व्यक्ति रवि चौहान को बीच में बैठाकर हरिलोक तिराहा होते हुए रानीपुर झाल की तरफ जाते दिखे। सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्धों की जानकारी करने पर पता चला कि उनमें एक ज्वालापुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नदीम है। पुलिस टीम ने जब हिस्ट्रीशीटर नदीम को बुलाकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी दानिश के साथ मिलकर रवि चौहान की हत्या करने की बात कबूलते हुए बताया कि सीतापुर निवासी चाचा-भतीजे से डेढ़ लाख रुपये की सुपारी लेकर उन्होंने रवि चौहान की हत्या की है। रकम लेने के बाद दोनों ने पहले मृतक को शराब पिलाई और फिर मारपीट कर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उन्होंने रवि को मरा समझ उठाकर नहर पटरी रानीपुर झाल पर फेंक दिया।

एसएसपी ने बताया कि जुटाए गए तथ्यों के आधार पर सामने आया है कि मृतक रवि चौहान को उसके भाई ने उपहार स्वरूप कुछ जमीन दी थी। जिस कारण पिछले काफी समय से भाई का दामाद नाराज चल रहा था और अलग-अलग तरीके से मृतक के परिवार का मानसिक/ शारीरिक उत्पीड़न कर रहा था। इस विवाद से बचने के लिए मृतक ने रिश्ते के दामाद के नाम एक प्लॉट भी किया लेकिन विवाद नही थमा। अपने लालच को पूरा करने के लिए आरोपी ने अपने भतीजे के साथ मिलकर मृतक की हत्या की सुपारी दे दी। पुलिस टीम ने सुपारी लेकर हत्या करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर नदीम मोहम्मद कुरैशी और दानिश अली पुत्र नजीर अहमद निवासी कस्साबान ज्वालापुर को हिरासत में लेकर उनके कब्जे के हत्या के दौरान इस्तेमाल मोटरसाइकिल तथा सुपारी के तौर पर मिली रकम में से बचे 61000 रूपए बरामद किए हैं। गुमशुदगी को हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। हत्या की सुपारी देने के आरोपी चाचा भतीजे की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह, एसएसआई हर्ष अरोड़ा, एसआई समीप पांडे, एसआई अंशुल अग्रवाल, एसआई मनीष भंडारी, एएसआई राकेश सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल नवीन क्षेत्री व संदीप तथा सीआईयू निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button