गंगा संरक्षण समिति की बैठक में डीएम मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश
गंगा में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, घाटों पर बढ़ेगी निगरानी

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की 73वीं बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में गंगा की स्वच्छता, घाटों की सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने और सीवरेज प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा नदी में किसी भी स्थिति में कूड़ा-कचरा न जाने दिया जाए। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा गंगा को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नगर निगम को सभी घाटों पर साइन बोर्ड लगाने और लाउडस्पीकर के माध्यम से तीर्थयात्रियों व स्थानीय नागरिकों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों और पुलों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने तथा नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हरिद्वार शहर और हरकी पैड़ी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम को क्षतिग्रस्त घाटों की सूची तैयार कर उनके मरम्मत एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगेंगी जालियां। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक पुलों पर शीघ्र सुरक्षा जालियां लगाने के निर्देश दिए।

नगर निगम को सभी सीवरेज सेफ्टी टैंकरों का पंजीकरण और सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिना पंजीकरण वाले टैंकरों के संचालन पर रोक लगाने तथा सीवरेज को नालियों में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जलभराव रोकने के लिए नालियों की सफाई, नगर निगम और सिंचाई विभाग को बरसात से पहले नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए गए ताकि जलभराव की समस्या न हो। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



