केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ “एआइओसीडी” ने की बिलासपुर हिमाचल प्रदेश में सार्थक एवं सकारात्मक बैठक

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक रही। यह “एआइओसीडी” द्वारा देश में फार्मेसी व्यापार के हितों तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की दिशा में एक सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण कदम है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल को बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी से भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बैठक के दौरान “एआइओसीडी” के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. एस. शिंदे एवं महासचिव राजीव सिंघल ने देश में अनियंत्रित एवं अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन फार्मेसी के गंभीर विषय को विस्तारपूर्वक माननीय मंत्री जी के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से GSR 817 एवं GSR 220 के दुरुपयोग का विषय मजबूती से उठाया तथा इनके तत्काल निरस्तीकरण हेतु हस्तक्षेप का आग्रह किया, क्योंकि इन प्रावधानों का व्यापक दुरुपयोग हो रहा है, जिससे दवा वितरण व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएँ उत्पन्न हो रही हैं। “एआईओसीडी” के अध्यक्ष और सचिव ने यह भी अवगत कराया कि अनेक अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के शेड्यूल एच1 दवाइयाँ, कफ सिरप, नशीली एवं आदत डालने वाली दवाइयों सहित अन्य प्रिस्क्रिप्शन मेडिसिन खुलेआम उपलब्ध करा रहे हैं। यह न केवल फार्मेसी व्यवसाय के लिए गंभीर चुनौती है, बल्कि जनस्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा तथा देश के युवाओं के भविष्य के लिए भी अत्यंत चिंताजनक विषय है।

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता, धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने एआइओसीडी द्वारा प्रस्तुत ज्ञापनों का अवलोकन किया तथा संगठन द्वारा उठाए गए विषयों की महत्ता को स्वीकार किया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही एआइओसीडी को नई दिल्ली में विस्तृत चर्चा हेतु आमंत्रित किया जाएगा, जहाँ स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य संबंधित पक्षों की उपस्थिति में इन विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया जाएगा। “एआइओसीडी” प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष जे. एस. शिंदे, महासचिव राजीव सिंघल, कोषाध्यक्ष अमित गर्ग, संगठन मंत्री संदीप नागिया, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के साथ यश अग्रवाल, श्री प्रसाद दानवे, श्री अजय गर्ग, संजीव पंडित, ऋषभ कालिया, हेमंत शर्मा, आशुतोष शर्मा, रमेश गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ सहयोगी उपस्थित रहे।

“एआइओसीडी” बिलासपुर सम्माननीय विधायक त्रिलोक जामवाल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है, जिनके सहयोग एवं विशेष प्रयासों से यह सार्थक एवं महत्वपूर्ण बैठक संभव हो सकी। एआईओसीडी संगठन को विश्वास है कि शीघ्र ही नई दिल्ली में माननीय स्वास्थ्य मंत्री एवं मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक आयोजित होगी, जिसमें देशभर के लगभग 12.40 लाख केमिस्ट एवं ड्रगिस्टों से जुड़े ज्वलंत विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। एआइओसीडी सदैव व्यापार की गरिमा की रक्षा, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा तथा देशभर में निष्पक्ष, सुरक्षित एवं कानूनसम्मत औषधि वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



