कुंभ मेला प्रशासन ने अभी तक नहीं ली अखाड़ों की सुध: महंत जसविंदर सिंह

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल में संतों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अखाड़े के कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि कुंभ मेला शुरू होने में केवल 6 महीने का समय शेष बचा है। लेकिन सरकार और कुंभ मेला प्रशासन ने अभी तक अखाड़ों की कोई सुध नहीं ली है। कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज ने कहा कि नासिक कुंभ मेले को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने अधिकारियों को तत्परता से सभी कार्य समय पर पूरे करने और अखाड़ों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान अखाड़ों को धर्मध्वजा की स्थापना, पेशवाई तथा बाहर से आने वाले संतों और श्रद्धालुओं के आवास आदि सहित अनेक व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। जिसके लिए अखाड़ों और मेला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता होती है।

हरिद्वार कुंभ मेला प्रशासन द्वारा अखाड़ों की सुध नहीं लिए जाने से अखाड़ों के स्तर पर होने वाली तैयारियां प्रभावित होंगी। इसलिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कुंभ मेला प्रशासन को अखाड़ों से समन्वय स्थापित करने के संबंध में निर्देश जारी करने चाहिए। जिससे सभी तैयारियां समय से पूरी हो सकें। बैठक में महंत खेमसिंह, महंत निर्भय सिंह, महंत अंग्रेज सिंह, संत बीर सिंह, महंत जसकरण सिंह, डा.स्वामी केशवानंद, महंत गुरप्रीत सिंह, महंत सुखमन सिंह, महंत जसकरण सिंह, संत विष्णु सिंह आदि संत मौजूद रहे।



