कांवड़ मेले की तैयारियां समय पर पूरी करें, श्रद्धालुओं को न हो असुविधा: डीएम मयूर दीक्षित
रेट लिस्ट चस्पा करने, सड़कों-घाटों की मरम्मत, सुरक्षा व सभी मूलभूत व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

डीएम ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा कराने, कांवड़ मार्गों के गड्ढे भरने, झाड़ियों की छंटाई कराने तथा सभी घाटों की मरम्मत और सुरक्षा चेन की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कांवड़ मेला सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।



