उत्तराखंड

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस चल रही दो मावा इकाइयों पर छापेमारी

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित दोनों प्रतिष्ठानों को बंद करने का नोटिस जारी कर अग्रिम आदेश तक सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा, गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, लक्सर तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर स्थित मावा निर्माण इकाइयों पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ की इकाइयों में बिना फूड लाइसेंस के मावा निर्माण एवं दूध विक्रय का कार्य संचालित पाया गया।

जांच के दौरान आवश्यक अभिलेख और अनिवार्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। कार्रवाई के दौरान दोनों इकाइयों से मावा निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। साथ ही बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत न करने के आरोप में दोनों संचालकों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, दीवान राणा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा लक्सर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button