युवती से मिलने पहुंचे युवक से मारपीट, गले में कुत्ते का पट्टा पहनाने का आरोप
कनखल में 10-12 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज, वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में युवती से मिलने पहुंचे एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 से 12 लोगों ने घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट की, उसके गले में कुत्ते का पट्टा पहनाया और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। युवती की तहरीर के आधार पर कनखल पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि उसका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है। उसकी करनाल (हरियाणा) निवासी शादाब से पिछले चार-पांच वर्षों से मित्रता है। शनिवार को शादाब उससे मिलने उसके घर आया था। इसी दौरान कुछ लोग घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती अलग-अलग समुदाय से हैं। हालांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी पहचान होते ही नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



