उत्तराखंड

यूजर चार्ज के विरोध में कांग्रेस का नगर निगम पर हल्ला बोल, एक सप्ताह में फैसला वापस लेने की चेतावनी

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। यूजर चार्ज लगाए जाने के विरोध में रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को नगरायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने यूजर चार्ज को जनता और व्यापारियों पर थोपा गया आर्थिक बोझ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर यूजर चार्ज वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस नगर निगम कार्यालय की तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि नगर की जनता और व्यापारी लगातार यूजर चार्ज का विरोध कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम उनकी आवाज सुनने के बजाय हठधर्मिता पर अड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अपने सभी संसाधन होने के बावजूद एक निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए जनता पर यूजर चार्ज थोप रहा है। उन्होंने कहा कि वसूली जनता से की जाएगी, जबकि उसका लाभ निजी कंपनी को मिलेगा।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पहले स्मार्ट बिजली मीटर के नाम पर जनता को गुमराह किया गया और अब यूजर चार्ज के माध्यम से लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और इस जनविरोधी निर्णय को वापस कराने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि जब तक यह निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक यूजर चार्ज का भुगतान न करें। इस दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि यूजर चार्ज का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित हो चुका है तथा शासन स्तर से इसे लागू करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है। प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, जिला महामंत्री एवं पार्षद फजलुर्रहमान, पार्षद चारु चंद्र, विजयपाल सिंह, सुभाष चंद्र शर्मा, पिंटू प्रधान, डॉ. इरशाद मीर, सुधीर चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, जिला संगठन सचिव गौरव प्रधान, अमित मलिक (सेवादल प्रभारी), ललित त्यागी, नूर आलम अंसारी, जिला सचिव नूर आलम, अनूप शर्मा, नितिन जिंदल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button