उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर की ₹235 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास व भूमि पूजन

हर की पैड़ी, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला का होगा कायाकल्प, कुंभ-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार में आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाओं का विकास कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करना है। अलकनंदा होटल, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया।

इसके साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार का लक्ष्य हरिद्वार को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करना है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद हर की पैड़ी, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। इससे श्रद्धालुओं की सुविधाओं में वृद्धि, भीड़ प्रबंधन में सुधार तथा स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। हरिद्वार में संचालित ये परियोजनाएं आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को भी नई मजबूती प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड के अधिकारियों ने परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button