उत्तराखंड

खेत से लौट रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

लक्सर के रायपुर गांव की घटना, पेट में चाकू लगने से युवक गंभीर; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में खेत से घर लौट रहे एक युवक पर तीन युवकों द्वारा कथित रूप से चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रुड़की के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी नसीब खां पुत्र नूर हसन खां ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र सोनू सोमवार शाम करीब छह बजे खेत से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही वाजिद, आरिफ पुत्र असलम और सद्दाम पुत्र जाकिर हुसैन मिले, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे। तहरीर के मुताबिक तीनों आरोपियों ने सोनू को रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वाजिद और सद्दाम ने उसे पकड़ लिया, जबकि आरिफ ने धारदार चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रुड़की रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button