उत्तराखंड

कुंभ मेले की तैयारियों का एसएसपी आयुष अग्रवाल ने किया स्थलीय निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल ने देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में प्रस्तावित अस्थायी पुलिस लाइन, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के शिविर, अस्थायी थानों तथा फायर स्टेशन की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुंभ थाना श्यामपुर को आईडीपीएल स्थित राम मंदिर मैदान तथा थाना ऋषिकेश को ट्रांजिट कैंप चारधाम, ऋषिकेश में स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने त्रिवेणी घाट पर सीसीटीवी सर्विलांस, पार्किंग व्यवस्था तथा कुंभ मेले के दौरान आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को समय रहते आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए।

टिहरी क्षेत्र में उन्होंने कुंभ मेला थाना चंद्रभागा, मुनि की रेती अस्थायी थाना और पुलिस चौकी भद्रकाली में स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने मुनि की रेती नाव घाट पर यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में कुंभ के लिए स्वीकृत ट्रांजिट हॉस्टल की भूमि और प्रस्तावित अस्थायी थानों के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी ऋषिकेश यशपाल बिष्ट, थाना प्रभारी मुनि की रेती प्रदीप चौहान, प्रतिसार निरीक्षक कुंभ संजीव कुमार तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक लक्ष्मण झूला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button