अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का भंडाफोड़, 25 चोरी की बाइक बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
विजय कुमार (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा बड़ी संख्या में वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीआईयू की तकनीकी सहायता से सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। इसके बाद नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान भव्य उर्फ भोला (18) निवासी अमीरपुर गांगू, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर और सुधीर कुमार (22) निवासी रसूलपुर आबाद, थाना हल्दौर, बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों के कब्जे से रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक (यूके-08 एएक्स-6233) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर समेत विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे। जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच दिए जाते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ग्राम दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी संख्या में वाहन पार्ट्स बरामद किए। इस कार्रवाई से रानीपुर कोतवाली में दर्ज छह ताजा वाहन चोरी के मामलों सहित कई अन्य मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।



