लक्सर तहसील पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और कांवड़ तैयारियों के दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को लक्सर तहसील का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने तहसील की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून के मद्देनजर जलभराव संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर भंडारों को निर्धारित मानकों के अनुसार लगभग 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर अनुमति देने तथा स्वच्छता, यातायात, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला सहित तहसील के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



