उत्तराखंड

अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दिल्ली में गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। बताया गया कि सपा नेता टिंकू अरोड़ा अपने साथियों के साथ देर रात दिल्ली के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही कोतवाली पुलिस ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें नजरबंद कर दिया। टिंकू अरोड़ा ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता संघर्ष करने के आदी हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का हक देता है।

पुलिस उन्हें अधिक समय तक नहीं रोक पाएगी और यदि अखिलेश यादव को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो पूरे उत्तर प्रदेश से समाजवादी कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। इसी दौरान जिला कार्यालय पर मौजूद फैसल सलमानी भी अपने साथियों के साथ दिल्ली रवाना होने के लिए टिंकू अरोड़ा के आवास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी वहीं हाउस अरेस्ट कर दिया। फैसल सलमानी ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है और छात्रों व युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। पुलिस ने मासूम ज़ैदी, शुभम वर्मा, रवि यादव और जोगिंदर सिंह को भी एहतियातन हाउस अरेस्ट किया। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button