रक्षा बंधन व जन्माष्टमी को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों और रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने रानीपुर और लोधामंडी, ज्वालापुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया।

लोधामंडी स्थित आऱोड स्वीट्स एंड ट्रेडर्स पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा करीब 80 किलो खुला रसगुल्ला मौके पर हटवाकर नष्ट कराया गया। वहीं मोहाली, पंजाब की एक मिठाई निर्माता कंपनी को लेबल संबंधी प्रावधानों का पालन न करने पर नोटिस दिया गया। इसके अलावा बिना खाद्य लाइसेंस संचालित इलायची दाना निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद कराया गया। टीम ने मिठाई के चार और इलायची दाना का एक, कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने ढंढेरा एवं मंगलौर क्षेत्र में कार्रवाई की।

गंगलौर स्थित मूलचंद स्वीट्स से अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा करीब 80 किलो खुला गुलाब जामुन हटाकर नष्ट कराया गया। बिना फूड लाइसेंस कारोबार करने वाली ढंढेरा की दो मिठाई दुकानों को नोटिस जारी किए गए। टीम ने मिठाई के पांच नमूने जांच के लिए लिए। लक्सर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने मिठाई निर्माण इकाइयों एवं दुकानों का निरीक्षण किया। रक्षा बंधन पर बिकने वाली मिठाइयों के चार नमूने लिए गए, जिनमें दो घेवर, एक सफेद रसगुल्ला और एक नावा शामिल है। बालावाली तिराहे स्थित आजाद स्वीट पर निर्माण स्थल में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी किया गया तथा सफाई के बाद ही मिठाई निर्माण करने के निर्देश दिए गए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर में मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। कैफे कॉफी डे रेस्टोरेंट में अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। टीम ने गुलाब जामुन, घेवर, चॉकलेट और एनर्जी ड्रिंक के एक-एक नमूने सहित कुल चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान जनपद हरिद्वार में कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। विभाग की कार्रवाई से मिलावट एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों में हड़कंप मचा रहा।



