उत्तराखंड

शराब के दौरान पैसों और वीडियो बनाने को लेकर विवाद, दोस्तों ने की कपिल की हत्या

रजवाहे में शव फेंककर मोटरसाइकिल से हुए फरार, मंगलौर पुलिस ने दोनों आरोपी गिरफ्तार किए

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकोला के रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक कपिल की हत्या उसके ही दो दोस्तों रितिक पंवार और दीपक पंवार ने की थी। दोनों आरोपियों ने पैसों के लेनदेन और वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद कपिल की हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को टिकोला के रजवाहे में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल निवासी ग्राम टिकोला के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और मुखबिर तंत्र की मदद से नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पंवार निवासी जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर तथा दीपक पंवार निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन था। पुलिस के मुताबिक कपिल पर करीब 15 हजार रुपये तथा 700 रुपये के कपड़ों के भुगतान को लेकर विवाद था। घटना वाले दिन आरोपियों ने कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया, जहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों आरोपियों ने कपिल की हत्या कर दी। इसके बाद शव रजवाहे में फेंककर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button