सिडकुल में युवक-युवती के विवाद ने लिया हिंसक रूप, सड़क पर भिड़े कई लोग
पेंटा मॉल के पास मारपीट का वीडियो वायरल, सिडकुल पुलिस ने शुरू की जांच

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में कंपनी में काम करने वाले एक युवक-युवती के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पेंटा मॉल के पास सड़क पर दोनों पक्षों के कई लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ महिलाएं भी विवाद और मारपीट में शामिल नजर आ रही हैं। वीडियो में मारपीट के दौरान बेल्ट के इस्तेमाल की तस्वीरें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत कंपनी में काम करने वाले युवक-युवती के बीच किसी बात को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी।

इसके बाद दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और मामला सड़क पर खुलेआम मारपीट तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद सिडकुल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही विवाद की वास्तविक वजह का पता लगा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



