दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी के उत्पीड़न का आरोप, बच्चे समेत घर से निकाला

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव में दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी के कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। रविवार को विवाद बढ़ने पर पति द्वारा उसके साथ मारपीट कर बच्चे समेत घर से बाहर निकालने का आरोप है। इसके बाद पीड़िता ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। महिला के अनुसार, उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। आरोप है कि दूसरी शादी के बाद पति के व्यवहार में बदलाव आ गया और वह आए दिन उसके साथ मारपीट तथा गाली-गलौज करने लगा। रविवार को विवाद के दौरान कथित रूप से मारपीट करने के बाद उसे बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी उसकी बड़ी बहन ने कराई थी। अब पति के उत्पीड़न से परेशान होने के बावजूद मायके से भी उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। महिला ने कहा कि लगातार हो रही प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से परेशान है और खुद को अकेला महसूस कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर पति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



