उत्तराखंड

48 घंटे में चोरी का 35 लाख का ट्रक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाया था ट्रक, पहचान मिटाने को हटाई नंबर प्लेट

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को महज 48 घंटे में बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक को गैंडीखाता क्षेत्र के जंगल में झाड़ियों के बीच छिपा रखा था और पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 31 अगस्त को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार की और बताया कि वाहन को गैंडीखाता क्षेत्र में गुर्जर बस्ती के पास जंगल में छिपाया गया है।

उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया लाल रंग का ट्रक बरामद कर लिया। पुलिस ने ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी किए गए वाहन से संबंधित पाए गए। बरामदगी की कार्रवाई ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी के साथ दर्ज की गई। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद परवेज (38) पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, नजीबाबाद तथा हबीब खां (55) पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, नजीबाबाद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button