कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले पुलिसकर्मी व समाजसेवी सम्मानित

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
रुड़की। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एसपीओ एवं समाजसेवियों को सचिन इंटरनेशनल संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया। संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता तथा डायरेक्टर व प्रमुख समाजसेवी पूजा गुप्ता ने अतिथियों और सेवाभाव से कार्य करने वाले लोगों को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी देहात प्रोफेसर शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि करीब पांच करोड़ कांवड़ यात्रियों की यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में विभिन्न संस्थाओं, पुलिस, प्रशासन और समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोगों ने मिलकर कांवड़ यात्रा में सहयोग किया, जो सामाजिक सौहार्द की मिसाल है। उन्होंने वरिष्ठ समाजसेवी सचिन गुप्ता द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन को अर्धकुंभ से भी अधिक मेहनत, परिश्रम और सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ती है। इतने बड़े आयोजन का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इस अवसर पर रुड़की सीओ ओसिन जोशी, मंगलौर सीओ अभिनव चौधरी, भगवानपुर सीओ सुमित पांडे, सिविल लाइंस थाना प्रभारी प्रदीप बिष्ट तथा प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों का पूजा गुप्ता एवं सचिन गुप्ता ने स्मृति चिह्न व गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप, पार्षद डॉ. नवनीत शर्मा, प्रदीप रोशियान, उदयवीर पुंडीर, अजय कुमार, हेमेन्द्र चौधरी, भूषण त्यागी, सुभाष परमार, वीरेंद्र जैन, शेखर सिंघल, विपिन कुमार, अजय पंडित, राजवीर रोड, शक्ति राणा, दिनेश पाल, सीके गुप्ता, बिट्टू शर्मा, राहुल शर्मा, कलीम खान, गोपाल नारसन, सुनील सिंघल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईश्वरलाल शास्त्री, जाकिर हुसैन, शकील अहमद, पार्षद फजलुर रहमान, ओवैस अंसारी सहित अनेक समाजसेवी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं पार्षद मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईश्वरलाल शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया।



