खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुग्ध वाहन समेत रिटेल स्टोरों का निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुग्ध वाहनों का निरीक्षण किया। दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने कनखल क्षेत्र में अमरोहा, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार में दूध वितरण के लिए लाए जा रहे एक दुग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में गाय और भैंस का मिश्रित दूध पाया गया। निरीक्षण के दौरान दूध की सप्लाई एवं वितरण से संबंधित खाद्य अनुज्ञप्ति तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर वाहन/डेयरी संचालक एमएस डेयरी को नोटिस जारी किया गया। टीम ने संदेह के आधार पर मिश्रित दूध का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया। वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेंद्र पांडेय की संयुक्त टीम ने रुड़की शहर के विभिन्न रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया।

इस दौरान एडिबल ऑयल के दो, चावल का एक, हींग का एक और सरसों के तेल का एक, कुल पांच खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान दो निर्माता कंपनियों को लेबल संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्देशों के क्रम में विशाल मेगा मार्ट से एवरेस्ट हींग का एक नमूना भी लिया गया। साथ ही शेष नौ हींग की डिब्बियों को मौके से हटवाया गया। इसके अलावा एक अन्य रिटेल स्टोर संचालक द्वारा कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र एवं पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



