चाइनीज मांझे ने ली बाइक सवार युवक की जान, गले में फंसने से हुई मौत
रुड़की से गांव लौटते समय नगला इमरती के पास हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। लंढौरा क्षेत्र के शिकारपुर गांव निवासी दीपक कुमार के लिए सोमवार की देर शाम जिंदगी की आखिरी शाम साबित हुई। रुड़की से बाइक पर अपने गांव लौट रहे दीपक को नगला इमरती गांव के पास सड़क पर लटक रहा चाइनीज मांझा चपेट में ले गया। मांझा उनके गले में फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार बाइक से रुड़की से अपने गांव शिकारपुर लौट रहे थे। नगला इमरती के पास अचानक सड़क पर लटक रहा मांझा उनके गले में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही दीपक के भाई मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें रुड़की स्थित विनय विशाल अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उनके पार्थिव शरीर को शिकारपुर स्थित घर ले आए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी मातम पसर गया। हादसे ने एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसकी खुलेआम उपलब्धता पर कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



