घर-घर पहुंची कनखल पुलिस, बुजुर्गों का जाना हाल; सुरक्षा का दिलाया भरोसा

कलयुग दर्शन (24×7)
विजय कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। थाना कनखल पुलिस ने क्षेत्र में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों की कुशलक्षेम जानने के लिए घर-घर जाकर संपर्क किया। पुलिस ने बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं और किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। एसएसपी नवनीत सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कनखल कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में अभियान चलाकर उन बुजुर्गों से संपर्क किया, जिनके बच्चे विदेश या दूसरे शहरों में रहते हैं और वे घर पर अकेले रह रहे हैं।

पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों से उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में वे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। कनखल पुलिस की इस पहल की वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों ने सराहना करते हुए इसे सुरक्षा की भावना बढ़ाने वाला कदम बताया।



