उत्तराखंड

कांग्रेस ओबीसी विभाग की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

ओबीसी समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य पर मंथन

कलयुग दर्शन (24×7)

विनय कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। शिवालिक नगर स्थित एक होटल में कांग्रेस ओबीसी विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, ओबीसी समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी एवं ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के संयोजन तथा प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं चंडीगढ़, पंजाब व उत्तराखंड प्रभारी कंवरदीप सैनी तथा विशिष्ट अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा मौजूद रहे। बैठक का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवरदीप सैनी ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी समाज को उसके अधिकार और सत्ता में उचित भागीदारी दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने जाति आधारित जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनगणना के फॉर्म में ओबीसी जाति के लिए अलग कॉलम होना आवश्यक है, ताकि समाज की वास्तविक संख्या और हिस्सेदारी सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही ओबीसी जिलाध्यक्ष अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारियों से मुलाकात कर इस मांग को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि धरातल पर सक्रिय रूप से कार्य करने वाले और ओबीसी बहुल विधानसभा क्षेत्रों में काम करने वाले समाज के कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता देने की दिशा में पार्टी गंभीरता से विचार करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड में ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के विभिन्न गांवों के समाजों को ओबीसी श्रेणी में शामिल किए जाने के कारण वास्तविक ओबीसी समाज को आरक्षण का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने ओबीसी समाज से एकजुट होकर अपनी राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी के अनुरूप हिस्सेदारी की मांग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर अपनी बात रखने से राजनीतिक दलों को ओबीसी समाज की मांगों को प्राथमिकता देनी होगी। जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व जिम्मेदारी मिलने के बाद हरिद्वार ग्रामीण की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि हरिद्वार जिले की पांचों विधानसभाओं में ओबीसी समाज की बैठकें आयोजित कर समाज को एकजुट किया जाएगा। जल्द ही ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद के नेतृत्व में उत्तराखंड में बड़ी बैठक आयोजित करने की भी बात कही गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विनोद कश्यप, नंदलाल यादव, विकास सैनी और मुसरत अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button