उत्तराखंड

सप्तऋषि क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में व्यापारियों ने बजाया डमरू, प्रशासन को जगाने की कोशिश

कलयुग दर्शन (24×7)

सोहन लाल (संवाददाता)

हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव, चौक सीवर लाइन और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों ने पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में डमरू बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन और नगर निगम से समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की। पूर्व सभासद अशोक शर्मा और करण राणा ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र के विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यात्री बाहुल्य सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चौक होने और खराब सड़कों के कारण स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सन्नी मल्होत्रा और पार्षद सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासन और नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं और हादसों का खतरा भी बना रहता है। व्यापारी जितेंद्र सिंह और मनोज ने बताया कि जलभराव और सीवर की समस्या का सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। ग्राहकों का आवागमन प्रभावित होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सप्तऋषि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आश्रम और मंदिर हैं, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में दूषित पानी से होकर गुजरना लोगों के लिए परेशानी और संक्रमण के खतरे का कारण बन रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सीवर व्यवस्था दुरुस्त कराने, जलभराव का स्थायी
समाधान करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में मोहन चंद्र, सुनील शर्मा, अजय, कर्तव्य ममगई, विकास कुमार, अंकुश भाटिया, प्रिंस, राजेंद्र, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button